एटीएम मशीन के बाद दुकानों को बनाया चोरों ने निशाना
उधमपुर। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर टिकरी इलाके में पुलिस की नाक के नीचे से चोर मंगलवार देर रात को दो दुकानों के ताले तोड़ कर हजारों की नकदी और सामान ले उड़े। बड़ी बात यह है कि घटनास्थल से करीब 300 मीटर की दूरी पर ही पुलिस चौकी मौजूद है। करीब एक महीना पहले इसी स्थान से चोरों ने पूरी एटीएम मशीन ही चुरा ली थी और अभी तक पुलिस न तो चोरों को पकड़ पाई और नहीं राशि बरामद कर पाई। वहीं स्थानीय निवासियों ने पुलिस से मांग की है कि टिकरी में पुलिस के कर्मचारियों की तैनाती की जाए।
गौरतलब है कि एक महीना पहले टिकरी से चोर पूरी एटीएम मशीन ले उड़े थे। एटीएम मशीन में करीब 29 लाख रुपये की राशि मौजूद थी। एक महीने से ज्यादा समय गुजरने के बावजूद चोरों को पकड़ना तो दूर पुलिस अभी तक चोरों का कोई सुराग भी नहीं जुटा पाई है। वहीं मंगलवार देर रात को फिर से चोरों ने दुकानों को अपना निशाना बना लिया है। जानकारी अनुसार टिकरी में संदीप मेडिकोज और बड़याल करियाना स्टोर के सुबह के समय ताले टूटे हुए नजर आए। जब दोनों दुकानदारों ने शटर उठाकर अंदर जाकर देखा तो पाया कि चोर संदीप मेडिकोस के अंदर से करीब चार हजार रुपये की नकदी ले उड़े थे और बड़याल करियाना स्टोर से करीब छह हजार रुपये की नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर गए थे। दुकानदारों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी और टिकरी पुलिस चौकी का अधिकारी औपचारिकता पूरी करके लौट गया। वहीं स्थानीय निवासियों का कहना था कि पुलिस की नाकामी के कारण ही जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में चोरी के मामले बढ़ रहे हैं। एटीएम मशीन के चोरी होने का बड़ा सामने आने के बावजूद पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं और चोर भी पुलिस को ठेंगा दिखाते हुए लगातार चोरियों की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।