अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्री मानसून की जोरदार बारिश ने बरसात के लिए नगर निगम की तैयारियों की बुधवार को पोल खोलकर रख दी। सड़के -गलियों ने यहां नालों का रूप ले लिया। जल भराव से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं नालों की ठीक से सफाई न होने की सच्चाई भी सामने आ गई।
पानी की निकासी न होने से सड़कें पानी से लबालब रहीं। इससे मलवा भी सड़कों में पहुंचा गया। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। कई बाजार व चौक चौराहों में भी सड़कों पर पानी का बहाब तेज रहा।
अलग-अलग मोहल्ला में गलियों में भी बारिश के बाद हाल बेहाल रहा। नालियों का गंदा पानी गलियों में पहुंच गया। इस कारण लोगों को गुजरने में काफी परेशानी आई। बस स्टैंड के के आसपास भी बारिश के पानी से काफी मिट्टी बह कर आई। हालांकि नगर निगम के संयुक्त आयुक्त आरएस जंवाल ने बताया कि बरसात के पानी से निपटने के लिए नगर निगम ने तमाम तैयारियां पूरी कर ली है। नालों से सिल्ट को हटा दिया गया है। बरसात का पानी नालों में सुचारु रूप से बहेगा।