उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में गुरुवार को एक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है।
हादसा मच्छल-कुपवाड़ा राजमार्ग पर एक कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से हुआ। घायलों को कुपवाड़ा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सवारियों से भरी सूमो(जेके 09-1199) सुबह करीब दस बजे सीमांत मच्छल इलाके से कुपवाड़ा की ओर रवाना हुई थी।
कस्बे से 80 किमी पहले पातरू मोड़ पर वाहन की गति तेज होने के कारण एक तीखे मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा। इससे कार करीब एक हजार फुट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे का पता चलते ही सेना के जवान सहायता के लिए घटना स्थल पर पहुंचे। गहरे नाले में गिरने से वाहन के परखचे उड़ गए। हादसे में पांच सवारियों की मौत घटना स्थल पर ही हो गई।
शवों और घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। डाक्टरों ने दो की हालत गंभीर बताई है। पुलिस के अनुसार मृतकों में हशिम जान (निवासी छोटवारी), उनकी बेटी सलीमा, जमीर अहमद हादी (निवासी छोटवारी), हुमनीन शर्मा (निवासी राजस्थान) तथा अब्दुल रशीद चैचे (निवासी सरकुल) शामिल हैं।