राजोरी। बाबा गुलाम शाह बादशाह विश्वविद्यालय राजोरी के दो छात्रों द्वारा राष्ट्रगान के समय खडे़ न होकर सेल्फी खींचते रहने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। वीरवार को पुलिस ने उक्त छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी राजोरी यूसुफ चौधरी के अनुसार विश्वविद्यालय के पुलिस पोस्ट इंचार्ज की लिखित शिकायत के बाद दोनों छात्रों के खिलाफ आरपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने छात्रों के खिलाफ राष्ट्रीय सम्मान अधिनियम 1971 के अपमान की रोकथाम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला मजिस्ट्रेट शाहिद इकबाल चौधरी ने बताया कि बुधवार को विवि में आयोजित एक प्रतियोगिता के समापन समारोह पर राष्ट्रगान चल रहा था तो मुख्य अतिथि राज्यपाल एनएन वोहरा, विवि उपकुलपति सहित अन्य सभी खड़े थे, लेकिन विवि के दो छात्र बैठ कर सेल्फी लेने में व्यस्त थे। विवि छात्रों द्वारा राष्ट्रगान के सम्मान में खड़े न होने और राज्यपाल की उपस्थिति में बैठ कर सेल्फी लेने के मामले में शहर के नागरिकों और अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोपी छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इसके अलावा उक्त छात्रों को विवि से बर्खास्त करने की भी मांग की है। विवि के कुछ विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने बताया कि इससे पहले विवि के किसी भी कार्यक्रम में राष्ट्रगान नहीं गाया जाता था। उक्त कार्यक्रम में राज्यपाल की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए पहली बार राष्ट्रगान गाया गया है।