पाकिस्तान में अब भी करीब चार हजार आतंकवादी डेरा डाले हुए हैं। भाजपा विधायक चमन लाल गुप्ता के सवाल के जवाब में प्रभारी गृह मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में 3974 आतंकी रह रहे हैं।
अब्दुल्ला ने कहा कि सीमा पार से जो युवक वापस लौटना चाहते हैं उनकी वापसी के लिए सरकार ने नीति बना रखी है। अब तक पूर्व आतंकवादियों की ओर से राज्य सरकार के पास 1089 आवेदन आए हैं, जिसमें वापसी की इच्छा जताई गई है। इनमें से 191 मामलों में वापसी के लिए अनुशंसा की गई है।
बीते तीन साल में 241 पूर्व आतंकवादी नेपाल और अन्य रूट से वापस लौटे हैं। 2010 के दौरान 29 पूर्व आतंकी पाक से लौटे।
2011 में 54, 2012 में 150 और 2013 में 8 पूर्व आतंकी वापस आए हैं। 2011 में लौटे आतंकवादियों में से 16 का परिवार भी साथ आया है। 2012 में परिवार समेत 90 और 2013 में 15 फरवरी तक दो पूर्व आतंकवादी परिवार के साथ वापस आया है।