बिजली की करंट से एक मौत, चार झुलसे
परिजनों ने कई घंटे सड़क रखी जाम
अमर उजाला ब्यूरो
राजोरी। जिले की कालाकोट सब डिविजन के मोगला क्षेत्र में वीरवार को उस समय सनसनी फैल गई जब बिजली की करंट लगने से चार श्रमिक झुलस गए और एक श्रमिक की मौत हो गई। हादसे की सूचना के बाद छह घंटे तक सड़क मार्ग को बंद रखा और मुआवजा देने की मांग की।
जानकारी के अनुसार ग्रेफ के साथ काम कर रहे श्रमिक एक टिप्पर से रेत उतार रहे थे कि टिप्पर के उपर से जा रही बिजली की हाई टेंशन तार गिर गई। इस हादसे में टिप्पर के चालक सहित काम रहे चार श्रमिक घायल हो गए। जब तक टिप्पर तार की चपेट से निकलता एक श्रमिक बिट्टूू राम पुत्र रत्त दित्ता निवासी मिथयानी कालाकोट की मौके पर ही मौत हो गई। वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों ने सभी को सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अन्य घायल श्रमिकों राजा राम, अब्दुल रशीद और कुलदीप राज सभी निवासी मोगला घायल हो गए। सभी का उपचार जारी है व हालत स्थिर है। घायलों की खबर लगते ही उनके परिजन मौके पर पहुंचे व कालाकोट मोगला रोड़ जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी मारे गए श्रमिक के परिजन को सरकारी नौकरी देने के अलावा मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। करीब छह घ्ंाटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शनकारियों ने न्याय की मांग की। उन्होंने बताया कि मृतक के परिवार का एक मात्र सहारा छीन लिया गया है। उसके परिवार में कमाने वाला और कोई नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन व ग्रेफ विभाग से गुहार लगाते हुए कहा कि वह उसकी पत्नि को सरकारी नौकरी व मुआवजा दें। करीब छह बजे तक प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे व प्रदर्शनकारियों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। ग्रेफ विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि मृतक की फाइल बना कर सरकार को भेजी जाएगी। नौकरी दिलाने के भी पूरे प्रयास किए जाएंगे।