अब्दुल करीम टुंडा और यासीन भटकल को दबोचने के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियां एक और बड़े आतंकी को पकड़ने में कामयाब रही हैं।
श्रीनगर से 40 किलोमीटर दूर बांडीपुरा जिले के अजास गांव से बुधवार को सुरक्षा बलों ने हिज्बुल कमांडर तालिब लाली समेत तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया।
हिज्बुल मुजाहिदीन का टॉप कमांडर तालिब लाली करीब 15 वर्षों से कश्मीर में आतंकी गतिविधियां संचालित कर रहा था।
उस पर पांच लाख रुपए का इनाम भी रखा गया है। आतंकियों के पास से भारी मात्रा में गोला-बारूद और अत्याधुनिक हथियार मिले हैं। सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों को अज्ञात स्थान पर ले जाकर पूछताछ कर रही हैं।
अजास का ही है तालिब लाली
दरअसल, हिज्ब कमांडर तालिब अहमद लाली का पैतृक गांव अजास ही है। सुरक्षा एजेंसियों को बुधवार की सुबह उसके अन्य आतंकियों संग गांव में ही छिपे होने की सूचना मिली।
इस पर पूरे गांव में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। तभी आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आतंकियों में तालिब अहमद लाली के अलावा उसका साथी अब्दुल रशीद लाली और शौकत अहमद मीर शामिल हैं।