जम्मू। निलंबन झेल रहे जम्मू विश्वविद्यालय के छात्र सनी परिहार को उनके माइनर टेस्ट में नहीं बैठने दिया गया। सनी डिपार्टमेंट आफ लाइफ लांग लर्निंग में रूरल डेवलपमेंट के तीसरे सेमेस्टर के छात्र हैं। वीरवार को निलंबन को लेकर सनी ने वकील से बात की। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय की प्रताड़ना के खिलाफ अब कोर्ट ही एकमात्र विकल्प है। इससे पहले निलंबित किए गए बुद्धिस्ट स्टडीज के छात्र अवज्योत को भी माइनर टेस्ट में बैठने की अनुमति नहीं दी गई थी।
सनी पर जम्मू विश्वविद्यालय में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की अगुवाई और बगैर अनुमति प्रेस कांफ्रेंस करने जैसे आरोप लगाकर सस्पेंड कर दिया गया था। बुधवार को इन आरोपों को लेकर वह डीएसडब्ल्यू की जांच कमेटी के सामने भी हाजिर हुए थे, लेकिन डीएसडब्ल्यू ने निलंबन वापस लेने के लिए उनसे लिखित माफीनामा मांगा। इसे देने को सनी तैयार नहीं।
सनी का कहना है कि विश्वविद्यालय की तरफ से बार-बार लिखित माफीनामे की बात की जा रही है, लेकिन बात फिर वहीं आकर ठहर जाती है कि जब कुछ गलत नहीं किया तो माफी किस बात की? उन्होंने आरोप लगाया कि डीएसडब्ल्यू निलंबन से उन पर दबाव बनाना चाहता है। विश्वविद्यालय में छात्रों की आवाज दबाए जाने का प्रयास हो रहा है, जिसे कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।