हीरानगर। मतदाता सूचियों में सुधार के लिए बीएलओ अब फुल टाइम काम करेंगे। वह मतदाताओं के घर घर जाकर सूचियों में सुधार करेंगे। यह विशेष अभियान 22 से लेकर 30 नवंबर तक चलेगा।
जिला उपायुक्त उपं चुनाव अधिकारी रोहित खजूरिया ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके अनुसार बीएलओ घर घर जाकर सूचियों को जांचेंगे और गलतियां सुधारने का काम करेंगे। आदेश के अनुसार बीएलओ अपने संबंधित विभाग से छुट्टी पर रहेंगे और फुलटाइम इस प्रोजेक्ट पर काम करेंगे। वहीं बीएलओ ने भी इस आदेश का स्वागत किया और कहा कि पहले उन्हें अपने संबंधित विभाग में काम करने के बाद इस प्रोजेक्ट पर अतिरिक्त काम करना पड़ता था। आदेश के अनुसार बीएलओ 30 नवंबर तक मतदाता सूचियों में वोटरों का नाम, पता व अन्य विसंगतियों को दूर करने का काम करेंगे।