उधमपुर। बुधवार रात से ही बिजली बंद रहने शक्तिनगर मोहल्ले के लोगों का गुस्सा विभाग के खिलाफ फूट पड़ा। लोगों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और कहा कि शीघ्र ट्रांसफार्मर में लगे पुराने तारों को बदला नहीं गया तो उग्र प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे शमशेर सिंह ने बताया कि बुधवार रात से बिजली बंद हुई थी, जो वीरवार दोपहर बाद करीब तीन बजे बहाल हो सकी। इस कारण लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना था कि मोहल्ले में बिजली सप्लाई करने वाले तार वर्षों से बदहाल है, मगर विभाग उन्हें बदलने की पहल नहीं करता है। इससे हर समय हादसे की आशंका सताती रहती है। नजदीक में ही सरकारी स्कूल भी है। यहां पर रोजाना स्कूली विद्यार्थियों और नागरिकों का आना-जाना लगा रहता है। यदि समय रहते इन तारों को बदला नहीं गया तो आने वाले समय में इसके परिणाम घातक साबित हो सकते हैं। कई घंटों तक बिजली बंद रहने से मोहल्लेवासियों में विभाग के प्रति काफी रोष जताया। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी बारिश या मौसम खराब हो जाने पर इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने विभाग से ट्रांसफार्मर में लगे तारें बदलने तथा उसके चारों तरफ फेंसिंग किए जाने की मांग की। इस मौके पर पवन कुमार, करतार सिंह, गणेश कुमार, दीनानाथ, कृष्ण कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।