पुंछ। एनएचएम कर्मचारियों ने दसवें दिन भी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल जारी रखी। उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया। कर्मियों ने आंदोलन को 72 घंटों के लिए आगे बढ़ाते हुए इस बात की धमकी दी कि मांगों को पूरा कराए बिना उनका आंदोलन नहीं रुकेगा।
शुक्रवार को राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल के ओपीडी के बाहर सैकड़ों की संख्या में एनएचएम कर्मचारी एकत्र हुए जहां उन्होंने अपनी मांगों को लेकर दिन भर हड़ताल करते हुए धरना देकर अपनी मांगों के हक में और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मांगों को लेकर राज्य सरकार, स्वास्थ विभाग और स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जुलूस निकाला। जिला अस्पतान से शुरू हुआ यह जुलूस नगर के विभिन्न क्षेत्रों से होता हुआ पूना जिला अस्पताल पहुंचा। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए रोहित शर्मा, डा. भूषण शर्मा, डा. अमित कौर, मुकेश कुमार, अमर जीत सिंह, इमरान मीर, सुनीता देवी ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी राज्य इकाई के निर्देश के अनुसार 72 घंटों के लिए और बढ़ाई जा रही है। यह चौथा मौका है जब हड़ताल बढ़ाई गई है।