उधमपुर। रेल यात्रियों के सुविधाजनक आवागमन के लिए उत्तर रेलवे ने जम्मू व कटड़ा तक चलने पर वाली तीन ट्रेनों के फेरे में वृद्धि की है। इसके बाद कटड़ा में श्री माता वैष्णो देवी के दरबार में जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिली है। फेरे में वृद्धि की जाने वाली दो ट्रेनें कटड़ा की है, जबकि एक पठानकोट व जम्मू के बीच चलने वाली डीएमयू है।
पिछले दिनों रेलवे ने कोहरे व खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए कुछ ट्रेनों के फेरों में कमी थी, जिसके बाद रेल यात्री थोड़े परेशान व मायूस हो गए थे। अब रेलवे ने तीन ट्रेनों के फेरे में वृद्धि करके यात्रियों को राहत भी प्रदान की है। सप्ताह में पांच दिन चलने वाली स्पेशल डीएमयू के चलने की अंतिम तिथि तीस नवंबर थी, लेकिन अब यह एक दिसंबर से 15 जनवरी तक जम्मू से पठानकोट और पठानकोट के जम्मू के बीच चलेगी। इसके साथ ही सप्ताह में तीन दिन चलने वाली 04409-04410 दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी एक्सप्रेस का भी 30 नवंबर को अंतिम दिन था, लेकिन अब यह एक दिसंबर से 16 जनवरी तक आवाजाही करेगी। दोनों तरफ से इसके 20-20 फेरे बढ़ाए गए हैं। इसी तरह से सप्ताह में दो दिन चलने वाली 04401-04402 आनंद विहार टर्मिनल श्री माता वैष्णो देवी एक्सप्रेस 27 अप्रैल तक चलनी थी, लेकिन अब रेलवे ने इसके फेरों में एक दिसंबर से 16 जनवरी तक वृद्धि कर दी है। यह ट्रेन दोनों तरफ से 14-14 फेरे लगाएगी। इनके वृद्धि के एलान के बाद यात्रियों को भी काफी राहत मिली है। फेरों में वृद्धि किए जाने के बाद कटड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं को सबसे ज्यादा राहत मिली है, क्योंकि सर्दियों में छुट्टियों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में बहुत ज्यादा इजाफा होगा।