जम्मू। पिछले ढाई माह से बारिश का इंतजार करने रहे रियासतवासियों को सूखी सर्दी से जल्द राहत मिलेगी। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार 15-17 नवंबर को जम्मू, कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र में कई स्थानों पर बारिश के आसार हैं। मौसम का मिजाज 14 नवंबर की शाम से ही बिगड़ जाएगा। इसमें भी राज्य के कई स्थानों पर बारिश होगी। बारिश के साथ पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मूसलाधार बारिश की सूरत में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार पड़ सकती है। इससे तापमान में भी गिरावट आएगी। कश्मीर के अधिकतर जिलों में मौजूदा दिन और रात का पारा सामान्य से 3-4 डिग्री ऊपर चल रहा है।
पिछले ढाई माह से बारिश न होने के कारण खासतौर पर जम्मू के विभिन्न जिलों में प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। सूखी सर्दी से कई वायरल इंफेक्शन के साथ त्वचा संबंधी रोगों में इजाफा हुआ है। डाक्टरों का कहना है कि बारिश होने की सूरत में वायरल इंफेक्शन से जुड़े रोगों से निजात मिलेगी। इस बीच जम्मू में शनिवार को दिन का तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।