अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समन्वय कमेटी जम्मू कश्मीर के संयोजक एडवोकेट चंद्र मोहन शर्मा ने राज्य के लोगों को 21 जून अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर मिनी स्टेडियम परेड में होने वाले कार्यक्रम में बढ़चढ़ हिस्सा लेने की अपील की है।
भाजपा पार्टी मुख्यालय त्रिकुटा नगर में शनिवार को पत्रकार वार्ता में चंद्र मोहन शर्मा ने कहा कि मिनी स्टेडियम परेड में होने वाले कार्यक्रम में पीएमओ में केंद्रीय राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह, सांसद जुगल किशोर शर्मा, राज्य सभा सांसद शमशेर सिंह मन्हास, उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह, स्पीकर कविंद्र गुप्ता, स्वास्थ्य मंत्री बाली भगत, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक सत शर्मा, विधायक राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहेंगे।
उन्होंने आयुष विभाग जम्मू कश्मीर के सहयोग से कार्यक्रम भारत योग संस्थान के प्रधान सतपाल शर्मा और पतंजलि योग पीठ की सुधा चंद शर्मा, डा. टी आर रैणा, विचार क्रांति मंच के श्रेयांश जैन, सभी क्षेत्रीय योग संगठनों व नेहरू युवा केंद्र की देखरेख में संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा मिनी स्टेडियम परेड के कार्यक्रम के अलावा भी राज्य में विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रम होंगे। श्रीनगर में मौलवी तारिक की देखरेख में कार्यक्रम होगा। इसमें योग गुरू अनिल शर्मा और दीपक शर्मा भी हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर भाजपा के महासचिव हरिंद्र गुप्ता, डा. टी आर रैणा, अशोक साहनी, सुधा चंद्र शर्मा, डी के चोपड़ा आदि भी मौजूद रहे।