चिनैनी। शुक्रवार की शाम को अचानक 11वीं परीक्षा की डेटशीट में आए बदलाव के कारण परीक्षार्थी बेहाल रहे। शनिवार को परीक्षा केंद्र पर बच्चे पहले की डेटशीट के मुताबिक एजूकेशन विषय की तैयारी कर आए थे, लेकिन उन्हें पेपर देना पड़ा हिंदी का। इस ऊहापोह में कई बच्चे परीक्षा केंद्र पर रोने भी लगे।
शनिवार की सुबह जो छात्र परीक्षा देने के लिए चिनैनी के हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे, उनमें से कुछ उस समय परेशान हुए, जब उन्हें जानकारी मिली कि आज उनकी परीक्षा हिंदी, उर्दू व कैमिस्ट्री की है। जबकि पिछली डेटशीट के मुताबिक उनकी परीक्षा एजूकेशन की थी।
लेकिन शुक्रवार की शाम को डेटशीट में अचानक बदलाव आने से कुछ परीक्षार्थियों को इसकी जानकारी मिली तो कुछ को नहीं मिली। 11वीं के छात्र सोहन लाल, मनीषा व अन्य ने कहा कि शुक्रवार को भी वह परीक्षा देने के लिए आए हुए थे।
उन्हें जानकारी मिली कि उनका पेपर स्थगित हो गया है। विद्यार्थी अगला पेपर एजूकेशन की तैयारियों में लग गए, लेकिन शुक्रवार शाम को डेटशीट में बदलाव कर शनिवार को हिंदी का पेपर कर दिया गया, लेकिन यह जानकारी समय के अभाव में विद्यार्थियों तक ठीक से नहीं पहुंची।
इस कारण काफी बच्चों की परीक्षा ठीक नहीं गई। विद्यार्थियों ने विभाग से मांग उठाई है कि हिंदी की परीक्षा आगे की जाए या फिर उसे पास कर दिया।
परीक्षा केंद्र पर टपक रहा था पानी
चिनैनी के हायर सेकेंडरी स्कूल में जिस हाल के अंदर बच्चे परीक्षा दे रहे थे, उसमें छत से बारिश का पानी टपक रहा था। अंदर पूरे फर्श पर तालाब जैसा दृश्य था। इस कारण ठंड में परीक्षा देने में विद्यार्थियों को और भी ज्यादा परेशानी हुई। जानकारी के मुताबिक कुछ वर्ष पहले परीक्षा केंद्र बनाया गया था।