कठुआ। छह दिन से पानी के लिए तरस रहे वार्ड चार के लोगों का गुस्सा रविवार को पीएचई विभाग के खिलाफ फूट पड़ा। कालेज मार्ग जाम कर उन्होंने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि बार-बार कहने के बाद भी विभाग समस्या का समाधान करने की कोई पहल नहीं कर रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उन्हें कृष्णा कालोनी स्थित ट्यूबवेल से पानी मिलता था। पिछले छह दिनों से उन्हें पानी नहीं मिला है। ट्यूबवेल से उनके मोहल्ले को पानी छोड़ा नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह अधिकारी से भी मिले थे।
उन्होंने आश्वस्त किया था कि समस्या का समाधान किया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ऐसे में मजबूर होकर प्रदर्शन करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ कि उन्हें छह दिनों से पानी न मिला हो। पहले भी ऐसा हो चुका है।
उन्होंने ट्यूबवेल पर काम करने वाले कर्मचारियों पर जानबूझकर पानी नहीं देने का आरोप लगाया।उन्होंने बताया कि गत दिवस वह कर्मचारियों से मिलने गए तो उन्होंने साफ कह दिया कि ट्यूबवेल खराब है। जब अधिकारी को यह बात बताई तो उन्होंने भी कर्मचारियों का साथ देते हुए कह दिया कि ट्यूबवेल काम नहीं कर रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है तो फिर वार्ड के बाकी के लोगों और मोहल्लों में पानी कैसे आपूर्ति किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने थाना प्रभारी अनिल शर्मा से मुलाकात समस्या बताई। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि सोमवार को अधिकारी से बात कर समस्या को हल कर दिया जाएगा।