आरईटी शिक्षकों को समय पर वेतन जारी करने, पांच वर्ष का अस्थायी कार्यकाल पूरा कर चुके आरईटी शिक्षकों को स्थायी शिक्षक बनाने व अन्य कई लंबित मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर आरईटी शिक्षकों ने रविवार को एकजुट होकर शिक्षा विभाग और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरईटी शिक्षकों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द मांगों को पूरा नहीं किया तो मजबूरन आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे।
जेएंडके आरईटी टीचर्स फोरम के जिला प्रधान लेख राज के नेतृत्व में जिले के विभिन्न हिस्सों से आरईटी शिक्षक कृष्ण पैलेस में हुए, जहां सभी ने लगभग बारह बजे सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान आरईटी शिक्षकों का कहना था कि सरकार की तरफ से आरईटी शिक्षकों को कभी भी समय पर वेतन नहीं जारी किया जाता है। जब से शिक्षा विभाग में नियुक्ति हुई है, तब से ही तीन या फिर चार महीने के बाद शिक्षा विभाग की तरफ से वेतन जारी किया जाता है। जब वेतन जारी नहीं होता है, तब तक आरईटी शिक्षक आर्थिक परेशानियों से जूझते रहते हैं। इसलिए उनकी मांग है कि सरकार हर महीने के बाद अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह आरईटी शिक्षकों को वेतन जारी करे।
उन्होंने बताया कि पांच वर्ष का अस्थायी कार्यकाल पूरा होने के बाद शिक्षा विभाग आरईटी शिक्षकों को स्थायी शिक्षक बनाता है, लेकिन कई शिक्षकों को अस्थायी कार्यकाल पूरा होने के दो वर्ष बाद भी स्थायी शिक्षक नहीं बनाया गया है, जिसके कारण आरईटी शिक्षक कई सरकारी सुविधाओं से महरूम हो रहे हैं। इसके अलावा आज तक सरकार ने आरईटी शिक्षकों को ट्रांसफर पालिसी का लाभ प्रदान नहीं किया है, जिसके कारण भी परेशानी लगातार परेशानी बढ़ती जा रही है। सरकार की तरफ से मिड-डे-मील की राशि का भी भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण आरईटी शिक्षक अपनी जेब से राशि खर्च करके स्कूलों में मिड-डे-मील चलाने को मजबूर हो चुके हैं। इस मौके पर सुकेश खजूरिया, प्रीतम गोस्वामी, अशोक सेठ, शाम शर्मा, सुशील सिंह, विपिन शर्मा व अन्य मौजूद थे।