उधमपुर/पंचैरी। शराब की दुकान और बार को खोले जाने के विरोध में दूसरे दिन भी व्यापार मंडल ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रशासन ने अगर इसे जबरन खुलवाने का प्रयास किया तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पहले भी जनता ने इसे बंद करवाने के लिए धरना-प्रदर्शन किया था।
पंचैरी बस अड्डे पर व्यापार मंडल के सदस्य मदन गोपाल के नेतृत्व में दुकानदारों ने बार व शराब की दुकान को पूरी तरह से बंद करने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि सात माह पहले क्षेत्र में दो लड़कियों के साथ दुष्कर्म के चलते लोगों ने शराब की दुकान व बार को बंद करने को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बार-बार शराब की दुकान व बार को बंद करने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन फिर से उसे खोलने के प्रयास किया जा रहा है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी कीमत पर इन्हें खोलने नहीं दिया जाएगा। जिससे कि क्षेत्र का माहौल खराब हो। प्रदर्शनकारी छह महीने से शांतिपूर्वक शराब की दुकान व बार को बंद करवाने को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है। जिस कारण लोगों में रोष व्याप्त हो गया है। प्रशासन को चेताने के बाद भी अधिकारियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा है। यदि फिर से इसे खोलने का प्रयास किया गया तो मजबूरन कानून को हाथ में लेना पड़ेगा। इस मौके पर गिरधारी लाल, विजय कुमार, केवल कृष्ण, कुलदीप कुमार, चरण दास सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।