उधमपुर। शहर के एमएच चौक पर हर रोज लगने वाले जाम से लोग परेशान हैं। एमएच चौक पर ट्रैफिक पुलिस के जवानों के तैनात होने के बावजूद जाम से किसी तरह की राहत नहीं मिल रही है।
शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक एमएच चौक है। इस चौक से होकर गुजरने पर आम आदमी को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसका सबसे बड़ा कारण चौक पर हर समय लगने वाला जाम है। चौक पर जाम की स्थिति ऐसी होती है कि गाड़ियों पर तो क्या पैदल गुजरने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। चौक पर जाम लगने का सबसे बड़ा कारण है वहां पर यात्रियों का इंतजार करती बसें व मेटाडोर हैं। टाउन हाल से चलने वाली मेटाडोर अक्सर एमएच चौक पर खड़ी होकर यात्रियों का इंतजार करती नजर आती हैं। एमएच चौक पर वीडियो कोच बसों का अड्डा भी जाम का कारण बनता है। बस अपने स्टैंड से तो निकल जाती हैं पर थोड़ी ही दूरी पर जाकर फिर से खड़ी हो जाती है और फिर चौक पर जाम की स्थिति बन जाती है। ट्रैफिक पुलिस के जवान भी औपचारिकता पूरी करने के लिए जाम से निपटने का प्रयास करते नजर आते हैं।