फारूक के बयान पर भड़के पूर्व सैनिक
सरकार से सलाखों की पीछे भेजने की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
कठुआ।
नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष डा फारूक अब्दुल्ला के बयान पर सेवानिवृत्त सैनिकों ने उन्हें सलाखों की पीछे भेजने की मांग सरकार से की है। उन्होंने फारूक और देवेंद्र राणा को देश विरोधी करार देने की मांग भी की है।
शुक्रवार को एक्स सर्विसेस वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में सर्व सहमति से उन्होंने फारूक के खिलाफ राज्य में अशांति और पाकिस्तान समर्थन की बात करने प्रस्ताव पारित किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ज्ञान सिंह पठानिया ने कहा कि फारूख का बयान देश विरोधी है। वह देश और राज्य में शांति के तोड़ने का काम कर रहे हैं। जो कोई भी पीओके को पाकिस्तान का हिस्सा कहेगा वह देशद्रोही ही है।
उन्होंने कहा कि अब्दुल्ला परिवार ने शुरू से ही राज्य में अशांति बनाने का काम किया है। फिर चाहे वह फारूक हाें, उमर या फिर शेख अब्दुल्ला रहे हों। राज्य की शांति भंग करने और पाकिस्तान का समर्थन करने का काम इन्होंने किया है।