पुंछ। पद्मावति फिल्म के खिलाफ अब विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल भी उतर आया है। शनिवार को संगठन के लोगों ने फिल्म के निर्माता निदेशक संजय लीला भंसाली का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया।
शनिवार देर शाम को नगर के मुख्य बाजार में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के दर्जनों सदस्य एकत्र हुए। बजरंग दल के जिला संयोजक सौरभ सूदन और विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश मंत्री निशू गुप्ता की अगुवाई में संजय लीला बंसाली का पुतला जलाते हुए जोरदार नारेबाजी करते हुए घंटा भर प्रदर्शन किया। गुप्ता ने भंसाली पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और दाउद इब्राहिम से पैसा लेकर हिंदु विरोधी फिल्में बना कर हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर रानी पद्मावति रिलीज होती है तो देश में थियेटर भी जलाए जा सकते हैं। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और सेंसर बोर्ड से इस फिल्म को किसी भी प्रकार रिलीज न करने की मांग की। इस अवसर पर सुनीर बख्शी, विकर्ण शर्मा, रतन लाल आदि मौजूद रहे।