पुंछ। मंगलवार को दूसरे दिन भी जिले की मेंढर तहसील में नियंत्रण रेखा के आस पास के जंगलों लगी भयंकर आग जारी रही। इस दौरान आज भी बीच बीच में बारूदी सुरंगे फटने का क्रम जारी था। जबकि आग पर काबू पाने के प्रयासों को तेज करते हुए सेना के साथ वन विभाग और दमकल विभाग ने भी दिन भर मोर्चा संभाले रखा। जिसके चलते कल तक आग पर पूरी तरह काबू पाने की आशा जताई जा रही है।
गौरतलब है कि सोमवार को देर शाम जिले की मेंढर तहसील में नियंत्रण रेखा पर स्थित साबरागली और लंजोट क्षेत्र में पाक अधिकृत क्षेत्र से लगाई गई आग ने भारतीय क्षेत्र के जंगलों को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे पूरे क्षेत्र में धुआं ही धुआं फैल गया। इस बीच नियंत्रण रेखा पर रात सात बजे से बड़ी संख्या में बारूदी सुरंगों के फटने लगी। जिनके धमाके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुनाई दे रहे है। बारूदी सुरंगें फटने का क्रम जारी ह्रै। सुबह से वन विभाग और दमकल विभाग के लोग भी नियंत्रण रेखा के जंगलों में लगी आग को बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।