राजोरी। जिले के थन्नामंडी तहसील के अजमताबाद इलाके में गैस सिलेंडर फटने से एक मकान जलकर राख हो गया। मोहम्मद फरीद पुत्र मोहम्मद खुर्शीद के मकान की रसोई में सुबह के समय आग लग गई। इससे पहले की आग पर काबू पाया जाता, रसोई में रखे गैस सिलेंडर को आग ने चपेट में ले लिया और सिलेंडर फट गया।
हादसे में फरीद का बेटा मोहम्मद अजहर भी झुलस गया। किसी तरह लोगों ने अजहर को बचा कर अस्पताल पहुंचाया। वहीं फायर ब्रिगेड की सुविधा न होने के चलते लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन वह इसमें असफल रहे।
जब तक राजोरी से दमकल वाहन मौके पर पहुंच आग पर काबू पाता, घर के भीतर रखा सामान जलकर राख हो गया। वहीं इस दौरान थन्नामंडी के लोगों ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया।
उन्होंने सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए कहा कि इससे पहले भी आग की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सरकार ने अभी तक यहां फायर ब्रिगेड सुविधा देने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
एसडीएम ने मौके पर पहुंच लोगों को भरोसा दिलाया कि वह इस संबंध में प्रशासन से बात कर जल्द समाधान के प्रयास करेंगे। पीड़ित व्यक्ति को मुआवजा दिलाने के भी प्रयास करेंगे।