कठुआ। पुलवामा में हुए फिदायीन हमले और शिक्षकों की भर्ती में जम्मू के साथ भेदभाव के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्र व राज्य सरकार का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार न तो सुरक्षा बलों की सोच रही है और न ही पढ़े लिखे युवाओं की। हर ओर युवाओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों में शामिल नरेश शर्मा, पंकज शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने जब सत्ता संभाली थी तो एक सिर के बदले दस सिर लाने की बात कही थी। लेकिन सरकार ने सैकड़ों की संख्या में जवान शहीद हो गए हैं और सरकार ने अभी तक वो दस सिर नहीं दिखाए हैं। उन्होंने कहा कि नए साल पर उन परिवारों का क्या हाल हुआ होगा जिनके बेट, पिता, पति और भाई अब इस दुनिया को छोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इन जवानों के परिवारों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अब तक 220 सीज फायर उल्लंघन हुआ है और सरकार शांति बहाली की बात करती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जम्मू के साथ भेदभाव किया है जबकि शिक्षकों के पद खाली हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर में 86 प्रतिशत और जम्मू को मात्र चौदह प्रतिशत शिक्षकों को पद देने से साफ है कि सरकार जम्मू के साथ भेदभाव कर रही है और जम्मू के युवाओं को अपनी राजनीति का शिकार बना रही है।