जम्मू। शहर में मेट्रो दौड़ाने के लिए पांच साल का समय निर्धारित किया गया है। मौजूदा समय में डीपीआर फाइनल करने को लेकर राइट्स काम करने में जुट गया है। न्यू मेट्रो पॉलिसी के तहत राइट्स अब तीन माह के अंदर डीपीआर सौंपेगा। इसके बाद लोन के लिए राज्य और केंद्र सरकार से अनुमति मांगी जाएगी। इसमें दो से तीन माह का समय लग सकता है।
अनुमति मिलने के बाद जापानी की कंपनी से लोन लिया जाएगा। इसके बाद भूमि अधिग्रहण करने का काम शुरू होगा। भूमि के अधिग्रहण, पिलर तैयार करने और मेट्रो स्टेशन बनाने को तीन साल तक लगेंगे। इस तमाम कार्यों को पूरा करने के बाद ट्रैक बिछेंगे। इसके लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से निपटाया जा रहा है। इकोनामिक रिकंस्ट्रक्शन एजेंसी जम्मू के निदेशक रविंद्र गुप्ता ने बताया कि मेट्रो चलने में पांच साल तक का समय लग सकता है। काम को तेजी से निपटाया जा रहा है। डीपीआर मिलने के बाद काम में तेजी आएगी।