अमर उजाला ब्यूरो
उधमपुर। शहर अप्पर ओमाड़ा इलाके में चोरों ने एक घर के ताले तोड़ कर हजारों की नकदी और लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर लिया है। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
करनैल सिंह ने बताया कि मंगलवार को परिवार के साथ किसी काम से चंडीगढ़ गया था। शुक्रवार रात को परिवार के साथ घर पहुंचा तो घर के मुख्य द्वार को खुला देख कर हैरान रह गया। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी भी टूटी पड़ी थी। अलमारी के अंदर से चोर आठ तोले सोना, 400 ग्राम चांदी के गहने, दो मोबाइल फोन और 12 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। पहले तो पूरा परिवार इसको लेकर सन्न रह गया और फिर इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। शनिवार सुबह पुलिस की फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर फिंगर प्रिंट जुटाए। वहीं शहर में दिन-ब-दिन बढ़ रही चोरी की वारदातों को लेकर शहरवासी चिंतित है और सभी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहे हैं।