शव को कलेक्ट्री गेट के सामने रखकर प्रदर्शन करते मृतक के परिजन
- फोटो : amar ujala
उदयपुर में पैसे के लेनदेन को लेकर कथित धमकी और मारपीट से परेशान हाथीपोल निवासी युवक दिनेश पूर्बिया ने आत्महत्या कर ली। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने कलक्ट्रेट के सामने शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया।
मृतक दिनेश के परिजनों का आरोप है कि नोटबंदी के दौरान दिनेश पूर्बिया और शंभूसिंह व प्रेमसिंह नामक ऋण माफियाओं के बीच 15 लाख रुपए का लेन देन हुआ था। शंभूसिंह व प्रेमसिंह पिछले कुछ दिन से दिनेश को धमकी देकर हिसाब-किताब करने का दबाव बना रहे थे। दिनेश ने इस मसले में पुलिस को भी शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अवसाद में आकर दिनेश ने आत्महत्या कर ली।
इस मामले में पुलिस की अनदेखी से खफा परिजन दिनेश का शव लेकर कलेक्ट्री पहुंच गए और वहां जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच कहासुनी भी हुई। काफी जद्दोजहद के बाद ये परिजन वहां से हटे। पुलिस और प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। परिजनों का आरोप है कि ऋण माफियों के बार बार परेशान करने के चलते दिनेश ने आत्महत्या की है।