'वसुंधरा सखी महिला वाहन' को रवाना करती मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे
ई-रिक्शा में सफर पर महिलाओं को कोई किराया नहीं देना होगा। इतना ही नहीं उनका सफर सुरक्षित बनाने के लिए इस योजना के तहत चलने वाले ई-रिक्शा में सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस भी लगा हुआ है।
ये विशेष ई-रिक्शा राजस्थान के टोंक शहर में चलेंगे। इस योजना का नाम राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम पर ‘वसुन्धरा सखी महिला वाहन‘ रखा गया है। आज जयपुर में इस योजना का उद्घाटन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपने निवास पर हरी झंडी दिखाकर किया।
यह योजना टोंक नगर परिषद की ओर से शुरू की गई है। सीएम ने इन पहल को अनूठी बताया और कहा कि अन्य शहरों में भी इस तरह का नवाचार अपनाना चाहिए। उद्घाटन के बाद राजे ने इस ई-रिक्शा की सवारी भी की। टोंक नगर सभापति लक्ष्मी जैन के अनुसार, तीन ई-रिक्शा से ये योजना शुरू की गई है और धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी।