जोधपुर शहर के बनाड़ स्थित राजस्थान अस्पताल के पास कंक्रीट के नीचे एक महिला दबी मिली। घटना की खबर जैसे ही आसपास लगी लोगों में सनसनी फैल गई। महिला ने सोने-चांदी के जेवरात भी पहने हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतका की शिनाख्त नांदड़ी डिफेन्स कॉलोनी निवासी नर्मदा देवी चौहान के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया पुलिस हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। दरअसल, जोधपुर के बनाड़ इलाके में एक निर्माणाधीन मकान के पआगे कंक्रीट में महिला का शव दबा होने की सूचना मिली। आसपास के लोगों के अनुसार यहां ट्रक से बजरी खाली करने के बाद चालक वापस निकल रहा था। इसी दौरान कंक्रीट से एक महिला का कुछ हिस्सा दिखा। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मौका मुआयना किया।
मौके पर पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया। एफएसएल टीम ने मौके से जांच के लिए नमूने लिए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। मृतका की उम्र करीब 35 से 40 साल की बताई जा रही है। मृतका ने सोने-चांदी के जेवर भी पहन रखे हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया महिला की हत्या कर शव फेंकने का अंदेशा जता रही है।