सुनील ग्रोवर के साथ चल रहे विवाद और मौजूदा परेशानियों के बीच में जाने माने कॉमेडियन कपिल शर्मा ने फुर्सत और खुशी के कुछ पल निकाल ही लिए। मौका था कपिल के जन्मदिन का। एक तरफ जहां कपिल के फैन्स उन्हें सोशल मीडिया पर बधाइयां दे रहे थे, वहीं वे बीकानेर में खास अंदाज में अपना बर्थ डे सेलिब्रेट कर रहे थे। उन्होंने अपने काम के साथ ही बर्थ डे भी सेलिब्रेट किया।
कपिल इन दिनों राजस्थान के बीकानेर में अपनी अपकमिंग फिल्म की शूटिंग में जुटे हुए हैं। कपिल अपनी अगली फिल्म फिरंगी की शूटिंग कर रहे हैं। इस शूटिंग के दौरान ही कपिल का जन्मदिन भी आ गया। लोगों के पसंदीदा कॉमेडियन का बर्थ डे था तो सेलिब्रेशन भी होना ही था। उनके साथ पूरी यूनिट थी। कपिल ने बीकानेर में ही अपना बर्थ डे सेलिब्रेट किया। इस मौके पर उनके साथ उनकी को एक्ट्रेस मोनिका गिल भी थी।
कपिल को उनके को-एक्टर्स ने बीकानेर की ही एक होटल में बर्थ डे विश किया और सेलिब्रेशन हुआ। इस सेलिब्रेशन ने कुछ देर के लिए ही सही अपने करियर में चल रही उठापटक से कपिल को निजात दिला दी। फिरंगी की शूटिंग के लिए वे दूसरी बार बीकानेर आए हैं। कपिल अपने सुपरहिट शो द कपिल शर्मा शो में चल ही परेशानी के बाद फिरंगी की शूटिंग में बिजी हो गए हैं।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले उनका अपने शो के को-एक्टर सुनील ग्रोवर से बद्दतमीजी करने को लेकर विवाद हो गया था। सुनील ने कपिल के साथ काम करने से इंकार कर दिया। कपिल के शो में सुनील का किरदार डॉ. मशहूर गुलाटी व रिंकू भाभी लोगों के बीच में खासा लोकप्रिय हो गया है।
यह पहला मौका नहीं है, जब कपिल का अपने को एक्टर से विवाद हो रहा है। इससे पहले भी सुनील के साथ उनका विवाद हो चुका है, तब सुनील अपना अलग शो लेकर आए थे, लेकिन वह शो लम्बा नहीं चल सका।