भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे के सियासी मायनों को लेकर प्रदेश भाजपा में सुगबुगाहट जोर पकड़ रही है। उनके इस दौरे के बाद भाजपा में चल रही गुटबाजी पर भी लगाम लगने के कयास लगाए जा रहे हैं।
अमित शाह आज जयपुर पहुंचे। यहां पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत हुआ। शाह का यह दौरा राजस्थान के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दरअसल, राजस्थान में अगले साल विधानसभा चुनाव है और इन चुनावों के लिए भाजपा की रणनीति भी शाह के इस दौरे के दौरान तय होगी।
2018 के विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की केंद्रीय इकाई ने पदाधिकारियों, मंत्रियों और विधायकों को बूथ लेवल तक पहुंचने का कार्यक्रम तय किया है। इस दिशा में शाह ने यहां के मंत्रियों और विधायकों से अलग-अलग बैठक कर फीडबैक लिया और उन्हें चुनाव के लिए अभी से कमर कसने के निर्देश दिए।