प्रदेशभर में मंगलवार रात्रि को अचानक मौसम ने करवट ली। जयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में आधी रात्रि को धूल भरी आंधी के कारण दिन की गर्मी से राहत मिली। वहीं शहर में हुई बत्ती गुल से लोगों को परेशानी भी हुई। वहीं दिन की गर्मी से उलट से बीकानेर में शाम को तेज बारिश हुई व कई स्थानों पर ओले भी गिरे। तीन दिन से भीषण गर्मी की मार झेल रहे राजस्थान के लिए मंगलवार की शाम सुकून भरी रही। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि मौसम में बदलाव का दौर एक बार फिर देखने को मिलेगा। मौसम में परिवर्तन के बाद तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई प्रमुख शहरों के तापमान में तीन—चार डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। जहां जयपुर का तापमान करीब 41 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वहीं जोधपुर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहा। जबकि कोटा का तापमान 43 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। धूल भरी आंधी के साथ कई क्षेत्रों में हुई बारिश ने लोगों को तपन भरी गर्मी से राहत दी है।