जोधपुर के भीड़भाड़ वाले इलाके सरदारपुरा सी रोड पर मोबाइल शॉप में फायरिंग करने वाले आरोपी तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। इस युवक को शॉप के स्टाफ ने हेलमेट हटाने के लिए कहा तो उसने जेब से रिवॉल्वर निकालकर सात फायर कर डाले।
इस घटना का वीडियो मंगलवार को जमकर वायरल हुआ और सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाए गए। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात मोबाइल की दुकान में हेलमेट पहनकर एक युवक आया था। स्टाफ ने उसे हेलमेट उतारने के कहा तो उसने जेब से दो रिवॉल्वरें निकाली और फायर कर दिए। उसने कुल सात फायर किए। इसके बाद युवक जिस मोटर साइकिल से आया था, उससे फरार हो गया। उसके साथ एक और व्यक्ति साथ आया था।
हालांकि फायरिंग में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही सरदारपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं पुलिस ने शहर के चारों और नाकाबंदी भी करवा दी। इस वीडियो को देखने के बाद पुलिस भी संभवतया यही कयास लगा रही है कि अज्ञात शख्स शॉप में रंगदारी या लूट के चक्कर में आया था।