बारिश के बाद कई झीलें और बांध ओवरफ्लो हो गए हैं। ऐसे में वहां सैलानियों की आवाजाही भी बढ़ गई है।
उदयपुर के समीप बनी उदयसागर झील भी इन दिनों ओवरफ्लो हो गई है। जिसके बाद 4-4 इंच तक झील के दोनों गेट पानी की निकासी के लिए खोल दिए गए हैं। दरअसल, 24 फीट भराव क्षमता वाली इस झील में फतह सागर और स्वरूप सागर का पानी आयड़ नदी के माध्यम से पहुंचता है। पिछले दिनों कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश होने के बाद फतह सागर झील छलक गई थी, जिसके बाद वहां का पानी उदय सागर झील में पहुंच रहा है।
इसके चलते उदयसागर के गेट खोल दिए गए हैं। गेट खोलने के बाद यहां से पानी वल्लभ नगर के बांध को भरता है। उधर, पर्यटकों को झील के ओवरफ्लो होने की खबर मिलते ही यहां उनकी आवाजाही भी शुरू हो गई है। यहां पर्यटक जमकर मौज-मस्ती कर रहे हैं।