केन्द्र सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जैसलमेर में मंगलवार को समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में भाजपा जन प्रतिनिधियों ने केन्द्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक योजनाओं के प्रचार—प्रसार की बात कही गई।
सबका साथ, सबका विकास के उद्देश्य से आयोजित समारोह में जोधपुर सांसद गजेन्द्रसिंह व बाड़मेर सांसद कर्नल सोनाराम चौधरी ने केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया तथा मोदी सरकार के कार्यकाल में हुई देश की प्रगति को ऐतिहासिक बताया। इस मौके पर केन्द्र सरकार के तीन वर्ष की उपलब्धियों को लेकर आयोजित समारोह में दूर-दराज से आए ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। भाजपा जन प्रतिनिधियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं से केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने की भी अपील की।
कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह, पोकरण विधायक शैतानसिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जुगलकिशोर व्यास सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।