गुजरात में राज्यसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल के अलावा एक और राजनेता का भविष्य दांव पर है।
गुजरात में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए हो रहे मतदान पर देशभर की निगाहें हैं। क्योंकि अमित शाह इस चुनाव के बाद पहली बार राज्यसभा के सदस्य बन सकते हैं, वहीं अहमद पटेल का राजनीतिक भविष्य भी इस चुनाव में तय होना है। लेकिन एक और राजनेता जिस पर सभी की निगाहें हैं, वह है राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और गुजरात में कांग्रेस प्रभारी अशोक गहलोत।
आज हो रहे चुनाव जहां कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है, वहीं गहलोत का भविष्य भी तय करने वाला हो सकता है। अशोक गहलोत के सामने कांग्रेस विधायकों की ओर से हो सकने वाली क्रॉस वोटिंग को रोकना चुनौती रहेगी।
अशोक गहलोत को राजनीतिक कौशल में माहिर माना जाता है। उनका राजनीतिक कौशल कई बार राजस्थान में देखने को भी मिला है। वे सोनिया गांधी के भी नजदीकी लोगों में गिने जाते हैं।