रास्ते को लेकर जमीनी विवाद से नाराज एक युवक आज मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इसके चलते यहां आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। आखिरकार उचित कार्रवाई के आश्वासन पर 12 घंटे के बाद युवक टावर से उतरा।
जानकारी के अनुसार, सीकर जिले की धोद तहसील के झीगर छोटी गांव के रहने वाले पालाराम का जमीन और रास्ते को लेकर पड़ोसी से कई दिन से विवाद चल रहा था। पालाराम का आरोप है कि उसका रास्ता बंद कर दिया गया। इससे उसका आना-जाना बंद हो गया है। ऐसे में आखिर विवाद का निपटारा नहीं होने से नाराज पालाराम बीती देर रात मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सुबह इसकी जानकारी मिलने पर सरपंच किरण देवी, पुलिस और एसडीएम भावना गर्ग मौके पर पहुंचे और पालाराम को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाइश के बाद जब उसे उचित कार्रवाई का आश्वासन मिला, तब जाकर पालाराम टावर से नीचे उतरा।