पुलिस की गिरफ्त में डाकू केदार और महिला सहयोगी
- फोटो : amar ujala
धौलपुर में पुलिस ने 21 हजार रुपए के ईनामी डाकू केदार और उसकी सहयोगी पूजा गुर्जर को धर दबोचा। यूपी और राजस्थान पुलिस को काफी समय से इनकी तलाश थी।
दस्यु केदार गुर्जर के खिलाफ राजस्थान और यूपी के आगरा में विभिन्न अपराधों में तीस मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि बीती रात को पुलिस को केदार गुर्जर के डांग इलाके में मौजूदगी की सूचना मिली थी। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक जसवंत सिंह वालोत की अगुवाई में टीम ने डांग इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान चंदीलपुरा की घाटी में केदार गुर्जर निवासी भोलापुरा थाना बाडी तथा पूजा निवासी डोंगरपुर थाना कैलारस जिला मुरैना को धर दबोचा।
इनके कब्जे से पुलिस ने दो रायफल, एक देशी तमंचा तथा 44 कारतूस बरामद किए हैं। सिंह ने बताया कि 21 हजार के ईनामी दस्यु केदार गुर्जर पर भरतपुर पुलिस रेंज आईजी की ओर से 10 हजार, आईजी आगरा की ओर से 5 हजार, एसएसपी आगरा की ओर से 5 हजार तथा एसपी भरतपुर की ओर से एक हजार रुपए का ईनाम घोषित है। केदार गुर्जर के साथ में गिरफ्तार की गई पूजा गुर्जर स्टेडिंग वारंटी है। प्रारंभिक पूछताछ में पूजा गुर्जर ने दस्यु केदार गुर्जर की पत्नी के रूप में साथ रहने की बात स्वीकार की है।
केदार गुर्जर के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, फिरौती, डकैती और बालात्कार समेत अन्य धाराओं में भरतपुर, धौलपुर और आगरा के विभिन्न पुलिस थानों में तीस मामले दर्ज हैं। दस्यु केदार गुर्जर के खिलाफ पहला मामला 1984 में सामने आया था। वर्ष 2008 में दस्यु केदार गुर्जर ने अपने ही गांव भोलापुरा में चचेरे भाई भैरोसिंह की हत्या करके बीहड़ का रुख कर लिया था। दस्यु केदार की वर्तमान में आयु करीब 60 वर्ष है।