स्कूल के बाहर प्रदर्शन करते विद्यार्थी और परिजन
- फोटो : amar ujala
जोधपुर के झालामंड के राजकीय माध्यमिक विद्यालय ढण्ढ के प्रिंसिपल द्वारा स्कूल में कार्यरत शिक्षिका को व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजने और छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है।
इस घटना की जानकारी मिलने पर गुस्साए स्कूली विद्यार्थियों और इलाके के लोगों ने सोमवार को स्कूल पहुंचकर मुख्यगेट को बंद कर दिया और प्रिंसिपल भागीरथ विश्नोई को हटाने की मांग करने लगे।
परिजनों ने प्रिंसिपल के इस व्यवहार की निंदा की। लोगों का आरोप है कि इस तरह की घटना यहां पढ़ने वाली बच्चियों के साथ भी हो सकती है। उन्होंने प्रिंसिपल को इस स्कूल से तत्काल प्रभाव से हटाने के साथ ही उसे निलंबित करने की मांग की है।
परिजनों के हंगामे और प्रदर्शन की सूचना के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी भी हरकत में आ गए हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने परिजनों को इस संबंध में जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, तब जाकर मामला शांत हुआ। हालांकि, परिजनों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते प्रिंसिपल भागीरथ विश्नोई को नहीं हटाया गया तो वह इसे लेकर उग्र आंदोलन भी करेंगे।