पद्मावती विवाद के चलते जयपुर के नाहरगढ़ फोर्ट पर युवक के शव लटके मिलने की घटना को श्रीराजपूत करणी सेना ने साजिश बताया है।
श्रीराजपूत करणी सेना के संरक्षक लोकेंद्र सिंह कालवी ने जोधपुर में कहा कि युवक की मौत पर दु:ख है। उन्होंने कहा कि यह घटना दुखद है और इस मामले की उच्च स्तर पर जांच होनी चाहिए। कालवी ने युवक चेतन सैनी की हत्या का भी अंदेशा जताते हुए कहा कि वे जल्द इसका खुलासा करने का प्रयास करेंगे।
लोकेंद्र सिंह कालवी का कहना है कि यह घटना पद्मावती फिल्म को लेकर देश में चल रहे विरोध से ध्यान भटकाने की साजिश है। उन्होंने कहा कि घटना स्थल के आसपास पत्थरों पर जो लिखा है उन्हें पढ़कर यह साजिश ही कही जा सकती है।
उन्होंने फिल्म के इग्लैण्ड में रिलीज होने के सवाल पर कहा कि सेंसर बोर्ड से पास हुए बगैर फिल्म कहीं पर भी प्रदर्शित नहीं की जा सकती है। फिर भी इग्लैण्ड में भी उनकी वार्ता चल रही है। वहां भी फिल्म रिलीज नहीं होने देगे।