मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने वाली सुष्मिता सेन ने एक नया खुलासा किया है। सुष्मिता के मुताबिक अंग्रेजी अच्छी नहीं होने के बावजूद उन्होंने यहां तक का सफर तय किया है।
सुष्मिता सेन ने राज्य सरकार एवं जेम्स एज्युकेशन के संयुक्त तत्वाधान में जयपुर एक्जीबिशन एवं कन्वेन्शन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय फेस्टिवल ऑफ एज्यूकेशन कार्यक्रम के दूसरे दिन एक खास सेशन के दौरान अपनी बात कही। सुष्मिता ने कहा कि मेरी पढ़ाई हिन्दी मीडियम स्कूल से हुई थी, अंग्रेजी बहुत अच्छी नहीं थी। हमारे लिए मैथ्स 'गणित' ही हुआ करती थी।
सुष्मिता ने बताया कि बीस साल पहले खिताब से पहले उनसे पूछे गए सवाल का जवाब उन्होंने समझकर नहीं बल्कि दिल से दिया है। उन्होंने बताया कि वे बंगाली है और बंगालियों में माना जाता है कि जब आप कोई अच्छी बात कहने जा रहे होते हैं तो आपकी जुबान पर सरस्वती बैठ जाती है। कुछ ऐसा ही हुआ था।
कार्यक्रम ने सुष्मिता सेन ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के साथ भी मंच शेयर किया। एक खास सेशन में दोनों ने महिला शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि माता पिता के आशीर्वाद से ही हर काम पूरा होता है।