हम भले ही 21वीं सदी में जी रहे हों, लेकिन कई जगह हालात देखकर ऐसा नहीं लगता। ताजा मामले में एक तांत्रिक ने मृत को जिंदा करने की बात कही और परिजनों ने उसके कहे अनुसार कर भी लिया।
घटना धौलपुर के सैंपऊ से जुड़ी है। यहां दो दिन पहले गुजर्राकला गांव के रहने वाले मोहर सिंह के नौ साल के बेटे छोटू को सांप ने डस लिया। इसके बाद परिजन उसे पास ही झाड़-फूंक करने वाले बाबा के पास ले गए। ऐसे में उसे सही समय पर ईलाज नहीं मिल सका और बच्चे की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने बालक का शव शुक्रवार को सुबह दफना दिया। इसी दौरान मध्यप्रदेश के रहने वाले एक रिश्तेदार ने मोहरसिंह को फिर एक तांत्रिक के बारे में बताया।
रिश्तेदार ने कहा कि वह ऐसे तांत्रिक को जानता है जो उसके बेटे को जिंदा कर देगा। मोहरसिंह ने उसकी बात मान ली। इसके बाद रिश्तेदार ने तांत्रिक से उसकी फोन के जरिये बात भी करवाई। फिर क्या था परिजन तांत्रिक के कहने पर बिल्कुल वैसा ही करने लगे जैसा कि उसने बताया। ये पूरा ड्राम करीब सत्रह घंटे तक चला।