जयपुर जंक्शन पर मंगलवार दोपहर को उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब फॉल्स सिलिंग गिरने से एक महिला कर्मचारी घायल हो गई। फॉल्स सिलिंग गिरने से एक बारगी तो भगदड़ मच गई, बाद में लोगों ने मिलकर महिला कर्मचारी को अस्पताल पहुंचा। कर्मचारियों ने रेलवे प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया और उसे इस हादसे के लिए जिम्मेदार ठहाराया।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर दो बजे जयपुर जंक्शन की सैकंड ग्रेट एंट्री पर अचानक फॉल्स सिलिंग भरभरा कर गिर गई। उस समय काउंटर के नीचे महिला कर्मचारी मीना शर्मा काम कर रही थी। मीना रिजर्वेशन सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। फॉल्ससिलिंग गिरने से मीना को चोटें आई हैं। गनीमत रही कि कोई और दूसरे कर्मचारी वहां पर नहीं थे, वरना हादसे में कई अन्य लोग भी घायल हो सकते थे। मीना शर्मा को रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि रेलवे के भवन के मैंटेनेंस कोलेकर कई बार बात चली है, कहा भी गया है, लेकिन अब तक इस पर ध्यान नहीं दिया गया। ऐसे में अनदेखी का परिणाम मंगलवार को हादसे के रूप में सामने आया।