धौलपुर विधानसभा उप चुनाव-2017 के अंतर्गत 9 अप्रेल को होने वाले मतदान में दृष्टिहीन मतदाताओं के लिए चुनाव आयोग ने विशेष इंतजाम किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी शुचि त्यागी ने बताया दृष्टिहीन मतदाता ब्रेल लिपि के माध्यम से मतदान कर सकते हैं। सर्व प्रथम दृष्टिहीन मतदाता को पीठासीन अधिकारी द्वारा डमी बैलेट सीट उपलब्ध कराई जाएगी। दृष्टिहीन मतदाता ब्रेल लिपि मे लिखी गई डमी बैलेट सीट पढ़कर उम्मीदवारों के क्रमांक, उनके नाम एवं संबंधित राजनीतिक दलों के बारे में जान सकेंगे। तत्पश्चात बैलेट यूनिट पर लगे हुए न्यूमेरिक स्टीकर पर अंकित क्रमांक को पढ़कर उसके सामने स्थित नीले बटन को दबाकर इच्छित उम्मीदवार को मतदान कर सकेंगे।
दृष्टिहीन या शारीरिक रूप से लाचार मतदाता चाहे तो अपने साथ एक सहायक वोटिंग कंपार्टमेंट तक ले जाकर उसकी सहायता से मतदान कर सकता है। उन्होंने बताया कि विशेष योग्यजन मतदाता के लिए मतदान कक्ष तक पहुंचने के लिए रैंप की सुविधा प्रदान की जाएगी। ऐसे मतदाता व्हील चेयर मतदान परिसर के अंदर तक ले जा सकेंगे।