बाड़मेर में पुलिसकर्मियों द्वारा जिंस, टीशर्ट और चप्पल पहनकर आॅफिस आने का मामला सामने आया है। इस पर पुलिस अधीक्षक ने आदेश जारी कर ऐसे पुलिसकर्मियों को हिदायत दी है और आदेश नहीं मानने पर कार्रवाई करने की बात कही है।
दरअसल, पुलिस के जवानों की पहचान उनकी वर्दी और जैंटलमैन पर्सनेलिटी से जानी जाती है। ट्रेनिंग के दौरान भी उन्हें पुलिस डेकोरम को बनाए रखने की ये सारी बातें सिखाई जाती हैं, लेकिन कई बार पुलिस वाले ये सब भूल जाते हैं। बाड़मेर में पिछले दिनों एसपी आॅफिस में कुछ नौजवान पुलिसकर्मी जींस—टीशर्ट पहनकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने आ गए। ऐसे में जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. गगनदीप सिंगला को यह बात जंची नहीं और उन्होंने हाथों—हाथ नोटिस जारी कर दिया।
ये नोटिस सभी पुलिस अधिकारियों, थानाधिकारियों व पुलिस कर्मियों को भेजते हुए लिखा गया है कि कार्यालय में पदस्थापित अधिकारी व कर्मचारी निर्धारित गणवेश में न आकर जींस, टीशर्ट, चप्पल आदि पहनकर कार्यालय में आते है। यह अनुशासनहीनता में आती है। ऐसा करने वालों को हिदायत दी जाती है कि सभी कर्मचारी व अधिकारी निर्धारित वर्दी पहनकर आएंगे। ऐसा नहीं किया तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।