बीजेपी नेता और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि पाकिस्तान से भारतीय नौ सेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव को भारत लाने के प्रयास जरूर सफल होंगे। उनकी सरकार महाराष्ट्र के इस लाल को सही सलामत अपने वतन लेकर आएगी।
शत्रुघ्न सिन्हा ने पाकिस्तान में कुलभूषण जाधव को फांसी की सजा सुनाए जाने को लेकर पाकिस्तान की निन्दा की। सिन्हा ने उदयपुर के एक होटल में प्रभा खेतान फांउडेशन और दी कल्चरल रॉन्दीवू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से यह बात कही। वे यहां किसी कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री और विदेश मंत्री पूरी कोशिश कर रहे हैं कि इस मामले में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। इस मामले में पूरा देश एक है।
यहां हम आपको बता दें कि पाकिस्तान पूर्व नौसेना अधिकारी कुलभूषण जाधव को रॉ का एजेंट बता रहा है। पाकिस्तान के अनुसार जाधव जासूसी करने के लिए पाकिस्तान में घुसे थे। उधर, भारत पाकिस्तान का पुरजोर विरोध कर रहा है और भारत ने कहा है कि अगर जाधव को फांसी होती है तो वो इसे सुनियोजित हत्या मानेंगे।
इस दौरान शत्रुघ्न सिन्हा ने उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि नए सीएम उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाएंगे। सिन्हा ने बूचड़खानों के लिए कहा कि देश में सभी बूचड़खानों पर पाबंदी लगनी चाहिए।
गौहत्या को लेकर एक ही तरह का कानून देश में हो, ताकि किसी को भी ये आरोप लगाने का मौका ना मिले कि गाय उत्तर भारत में तो मम्मी है और नार्थ ईस्ट में यम्मी। उन्होंने कहा कि वन नेशन, वन लॉ और वन पीपुल लागू हो।