रोजाना की तरह आज भी दोनों दोस्त कोचिंग में पढ़ने की कहकर घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी दोस्ती हमेशा के लिए टूट गई और जिंदगी का सफर अधूरा ही रह गया।
सीकर जिले के सदर थाना इलाके में नेशनल हाइवे पर भढ़ाडर स्टैंड के पास गैस सिलेंडर से भरे बेकाबू ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। साथ ही एक युवक घायल हो गया।
हादसे का शिकार युवक छात्र थे तथा सीकर कोचिंग में पढ़ने के लिए आ रहे थे। सदर थाना अधिकारी राजेश यादव ने बताया कि खूड़ी छोटी निवासी सुरेश थालौड़ और सुमेर सिंह दोनों दोस्त हैं। ये दोनों सीकर में साथ ही कोचिंग करते हैं। आज दोनों दोस्त बाइक से सीकर कोचिंग के लिए आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में भढ़ाडर स्टैंड के पास बीकानेर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से इनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
आस-पास के लोगों ने दोनों घायलों को एसके अस्पताल पहुंचाया, जहां सुरेश को मृत घोषित कर दिया गया। सुमेर सिंह की हालत गंभीर होने पर जयपुर रैफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।