12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा से दुष्कर्म करने वाले दो शिक्षकों को आज पुलिस ने रिमांड पर ले लिया है। साथ ही प्रशासन ने स्कूल की मान्यता को रद्द कर दिया है।
राजस्थान के सीकर जिले के अजीतगढ़ थाना इलाके के हरदास का बास स्थित जनता बाल निकेतन स्कूल की बारहवीं कक्षा की छात्रा से स्कूल संचालक जगदीश व शिक्षक जगत गुर्जर पिछले कई महीनों से दुष्कर्म कर रहे थे।
पीड़ित छात्रा के गर्भवती होने पर उसका शाहपुरा के अस्पताल में गर्भपात करवा दिया गया। पीड़िता की गर्भपात के बाद हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां से उसे जयपुर रैफर कर दिया गया। फिलहाल पीड़िता का जयपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आज पुलिस ने दोनों को श्रीमाधोपुर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पीसी रिमांड पर लिया गया। पुलिस अब दुष्कर्म के इस मामले में दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ करेगी।