केन्द्रीय योजना एवं नगरीय विकास राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा है कि केन्द्र सरकार ने तीन साल में जमीन तैयार की है, अब अगले दो सालों में फल देगी। राव रविवार को अलवर में केन्द्र सरकार के तीन साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में आए थे।
यहां सर्किट हाउस में राव इन्द्रजीत सिह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए केन्द्र सरकार के कार्यों और योजनाओं को गिनाया। उन्होंने कहा कि तीन साल में सरकार ने जमीन तैयार की है जो अगले दो सालों में फल देगी। राव इन्द्रजीत सिंह से जब नोटबन्दी के दौरान कितना काला धन जमा हुआ और नया धन छापने पर कितना खर्चा आया पूछा गया तो उन्होंने जानकारी होने से इनकार कर दिया। इस बारे में उन्होंने कहा कि बैंक अभी हिसाब लगा रहे हैं और उसके बाद ही बता पाएंगे।
राव ने कहा कि नोटबंदी के दौरान लोगों को जो परेशानी हुई है वह देश के विकास में योगदान करेगी। उन्होंने रोजगार को लेकर कहा कि अब अलग से विभाग बना दिया गया है। स्किल डवलपमेन्ट के बाद नौकरियां मिलना शुरू होंगी। अलवर सांसद महन्त चांदनाथ को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत में अब सुधार है और जल्द ही अलवर आएंगे।सांसद निधि को विकास कार्यों में लगाने के लिए प्लान बनाया जा रहा है। सभी आठ विधानसभाओं में जरूरत के अनुसार फाइल बनाकर सांसद से पास कराई जाएगी, जिसमें विधायकों की अनुशंसा पर विकास कार्य होंगे।
तीन साल पूरे होने के उपलक्ष्य में अयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर शर्मा, विधायक बनवारी लाल सिंघल, रामहेत यादव, मामन सिंह यादव, मंगलराम कोली, जयराम जाटव, नगर परिषद सभापति अशोक खन्ना, यूआईटी अध्यक्ष देवीसिंह शेखावत समेत भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।