डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरुमीत राम रहीम सिंह के समर्थकों का उत्पात देर रात्रि तक जारी रहा। हरियाणा, पंजाब व दिल्ली के अतिरिक्त राजस्थान के भी कई जिलों में बाबा के चेलों ने जमकर हंगामा किया व संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया।
राम-रहीम के समर्थकों ने दिन में जहां बाबा के जन्म स्थल श्रीगंगानगर में तोड़-फोड़ व आगजनी की। वहीं रात्रि को कोटा मंडल के भौंरा रेलवे स्टेशन को फूंक डाला। यहीं ही बाबा के चेलों ने स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों के साथ भी जमकर मारपीट की।
जानकारी के अनुसार तीन-चार अज्ञात युवक बीती रात्रि को स्टेशन मास्टर के कक्ष में जबरन घुस गए और वहां लगे पैनलों में आग लगा दी। आग के कारण तीन स्टेशनों को सिग्नल सिस्टम फेल हो गया। रेलवे कर्मचारियों के अनुसार इस सिग्नल सिस्टम के माध्यम से रेल के ड्राइवर को जानकारी दी जाती है।
वहां मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि आरोपी युवक अपने साथ पेट्रोल लेकर आए थे।